
"स्पाइसजेट की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में दो महिला यात्रियों का हंगामा, टेकऑफ से पहले लौटाना पड़ा विमान"
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGIA) से मुंबई के लिए उड़ान भरने जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9282 में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो महिला यात्रियों के बीच अचानक झगड़ा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि पायलट को विमान टेकऑफ से पहले ही वापस मोड़ना पड़ा।
यह फ्लाइट दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन टेकऑफ से पहले ही विमान में बैठी दो महिलाओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। दोनों ने कॉकपिट खोलने की कोशिश की और कॉकपिट पर हाथापाई भी की। इस घटना से पूरे विमान में अफरातफरी मच गई।
केबिन क्रू और सहयात्रियों ने महिलाओं को शांत करवाने की भरपूर कोशिश की। पायलट ने भी अनाउंसमेंट कर दोनों को अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। महिलाओं की ओर से कॉकपिट खोलने की कोशिश के बाद पायलट ने विमान को दोबारा दिल्ली एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
वापस लौटने के बाद दोनों महिला यात्रियों को प्लेन से उतारकर CISF के हवाले कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद फ्लाइट ने दोबारा मुंबई के लिए उड़ान भरी।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "14 जुलाई को दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट SG 9282 में दो पैसेंजर्स ने उपद्रव मचाया और कॉकपिट खोलने की कोशिश की। क्रू, सहयात्री और कैप्टन ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कैप्टन ने फ्लाइट वापस दिल्ली लाने का फैसला किया और दोनों को CISF को सौंप दिया गया।"
Latest News
