
अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को जमानत, चाईबासा कोर्ट में पेश हुए
झारखंड के चाईबासा स्थित सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को 2018 की एक रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में जमानत दे दी। इस दौरान उनके चाईबासा आगमन को लेकर प्रशासन ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा चाईबासा पहुँचे और इसके लिए टाटा कॉलेज मैदान में विशेष हेलीपैड बनाया गया था।
राहुल गांधी इससे पहले मंगलवार को झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचे थे। गांधी ने दो जून को झारखंड उच्च न्यायालय में चाईबासा की विशेष अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को पेश होने के लिए कहा गया था। उनके वकील ने 10 जून को कोर्ट को सूचित किया कि वह तय तारीख पर पेश नहीं हो पाएंगे और 6 अगस्त की तारीख देने का अनुरोध किया था, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। राहुल गांधी के खिलाफ यह मानहानि का मामला प्रताप कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोप है कि 2018 में चाईबासा में एक रैली के दौरान गांधी ने शाह के खिलाफ अपमानजनक बयान दिए थे
Latest News
