अजमेर, 26 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुफी संत हज़रत ख्वाजा मोईनूद्दीन चिश्ती (रह.) के 814वें उर्स मुबारक के अवसर पर अजमेर शरीफ दरगाह के लिए चादर मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल को सौंपी। प्रतिनिधि मण्डल ने अजमेर शरीफ दरगाह में चादर पेश की तथा बुलन्द दरवाजे से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश पढ़कर सुनाया। जियारत और चादर पेश सैयद अफसान चिश्ती ने कराई, जहां राजस्थान में अमन और भाईचारे की दुआ की गई। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हज़रत ख्वाजा मोईनूद्दीन चिश्ती ने समाज के कमजोर, गरीब और बेसहारा लोगों की सेवा तथा आपसी भाईचारे पर जोर दिया और विश्व को इंसानियत का अनमोल संदेश दिया। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना करते हुए उर्स की मुबारकबाद दी। अजमेर शहर जिला अध्यक्ष सफीक पठान ने सर्किट हाउस पहुंचने पर प्रतिनिधि मण्डल का स्वागत किया। इस अवसर पर मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एम सादिक खान, प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी, प्रदेश उपाध्यक्ष जंग बहादुर पठान, मुंसिफ अली खान, अयुब खान, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रेशमा हुसैन, पूर्व प्रदेश महामंत्री मुनव्वर खान, प्रदेश मंत्री मुराद अली शेख, मंडल अध्यक्ष अमान खान, अरबाज खान, आरिफ खान धीमरी, इरशाद हसनपुरा, जावेद खान दौसा, परवेज खान, रफीक खान, फरीदुद्दीन जैकी, गुलाम मुस्तफा, अतीक अहमद, हाशिम खान, अलीम शेख, इमरान खान, मोहिन खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।