logo

करोल बाग में ‘स्पेशल 26’ स्टाइल लूट, फर्जी आयकर टीम का एक और आरोपी गिरफ्तार

Editor - Omprakash Najwani - Mera Samaj Merabharat
मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में आयकर विभाग की छापेमारी टीम का फर्जी सदस्य बनकर एक आभूषण कार्यशाला को लूटने के आरोप में 49 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह वारदात बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ से प्रेरित होकर अंजाम दी गई थी। इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के मदनगीर निवासी शेख अकरम के पास से चोरी किया गया 130.162 ग्राम सोना बरामद किया है और अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार 27 नवंबर को पांच से छह लोग आभूषण की कार्यशाला में कथित तौर पर घुस गए थे। आरोपियों में से एक ने दिल्ली पुलिस की नकली वर्दी पहन रखी थी, जबकि अन्य ने आयकर अधिकारियों का रूप धारण किया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने मालिक और कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए, परिसर की फर्जी तलाशी ली और करीब 1.1 किलोग्राम सोना लेकर फरार हो गए। भागने से पहले आरोपी सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

18-December-2025 || Mera Samaj Merabharat
https://merasamajmerabharat.com/news/detail/11389