logo

बिहार में बनेगी यातायात प्रशिक्षण अकादमी, 13 करोड़ से अधिक की लागत

Editor - Omprakash Najwani - Mera Samaj Merabharat
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में यातायात पुलिस को प्रशिक्षित करने के लिए एक समर्पित यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे राज्य की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। चौधरी के अनुसार यह अकादमी बिहार पुलिस के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी, जिसके निर्माण और स्थापना पर 13 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पटना के फुलवारीशरीफ स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 परिसर में यातायात प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 की स्थायी स्थापना पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में किए जाने का प्रस्ताव है, जिसके बाद फुलवारीशरीफ स्थित खाली भूमि एवं भवन में से 10 एकड़ भूमि यातायात प्रशिक्षण अकादमी के लिए आवंटित की जाएगी। उन्होंने बताया कि भूमि उपलब्ध कराए जाने के बाद शेष भूमि पर पटना यातायात पुलिस केंद्र की स्थापना की जाएगी। गृह विभाग के अनुसार प्रस्तावित यातायात प्रशिक्षण अकादमी के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के कुल 133 पदों का सृजन किया जाएगा।

18-December-2025 || Mera Samaj Merabharat
https://merasamajmerabharat.com/news/detail/11386