logo

जिला कलक्टर ने जेएलएन चिकित्सालय का किया निरीक्षण, स्वच्छता व जन-जागरूकता कार्यक्रमों का शुभारंभ

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
अजमेर, 14 दिसम्बर। जिला कलक्टर लोकबंधु ने रविवार को संभाग के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का शुभारंभ किया तथा परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं रोगी-अनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जवाहर नेहरू मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस, पैरामेडिकल, नर्सिंग स्कूल एवं नर्सिंग कॉलेज के कुल 127 छात्र-छात्राओं द्वारा कैजुअल्टी परिसर में तैयार की गई 45 जन-जागरूकता वॉल पेंटिंग्स का उद्घाटन किया गया। इन पेंटिंग्स के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों से बचाव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, ह्यूमनाइजेशन ऑफ हेल्थ केयर तथा पोषण संबंधी जानकारी को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।वॉल पेंटिंग्स में मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना, निरोगी राजस्थान अभियान, गुड सेमेरिटन योजना, टीकाकरण अभियान सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों में जागरूकता बढ़ सकेगी।जिला कलक्टर ने कैजुअल्टी, ओपीडी, मेडिसिन विभाग तथा स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्मित आइसोलेशन ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना की स्थिति, चिकित्सा उपकरणों, बेड की उपलब्धता एवं स्टाफ की कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने, मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, मौसमी एवं संक्रामक बीमारियों पर सतत निगरानी रखने तथा उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त देशल दान, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य अनिल सामरिया, अस्पताल अधीक्षक अरविंद खरे सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
14-December-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11381