logo

अलप्पुझा में एलडीएफ नेता पर हमले के आरोप में छह भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
केरल के तटीय जिले अलप्पुझा में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के एक स्थानीय नेता पर हमला करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी के छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना कथित तौर पर रविवार रात करीब 9.15 बजे हुई, जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के स्थानीय नेता रामजीत अपने दोस्त रेनिथ के साथ नीलमपेरूर पंचायत गए थे, जहां हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल की है।पुलिस के अनुसार रामजीत और रेनिथ की शिकायत में कहा गया है कि छह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका, उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, रामजीत की पिटाई की और बाद में उसके सिर पर लाठी से वार किया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि यह हमला इसलिए किया गया क्योंकि वे पंचायत क्षेत्र में गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रामजीत को इलाज के लिए कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
16-December-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11375