एलोपैथी के साथ आयुर्वेद का भी हब बनेगा अजमेर
Editor - Omprakash Najwani -
Mera Samaj Merabharat
अजमेर, 13 दिसम्बर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि एलोपैथी के साथ ही अब अजमेर आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का भी हब बनने जा रहा है। इससे अजमेर के लोगों को विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी। पुष्कर रोड स्थित रसायनशाला में बने नए भवन तथा यहां पंचकर्म व आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों की उपलब्धता से एक लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। यह अस्पताल रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है।शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पुष्कर रोड स्थित रसायनशाला में नवीन भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नई सरकार में नए अजमेर की नींव रखी जा रही है और शहर में सैकड़ों करोड़ रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत हुई है। ये कार्य अजमेर के विकास में नए मील के पत्थर साबित होंगे। अब चिकित्सा में विशेषज्ञ सेवाओं के लिए अजमेरवासियों को जयपुर या दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा, उन्हें अपने ही शहर में एलोपैथी और आयुर्वेदिक सेवाएं मिलेंगी।उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारतीय सनातन संस्कृति का अहम अंग रहा है और प्राचीन ग्रंथों में इसका विशेष महत्व बताया गया है। सदियों से आयुर्वेद देश में चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण अंग रहा है और एलोपैथी के आगमन के बाद भी इसका महत्व बना हुआ है। जनमानस में आयुर्वेद को लेकर विशेष लगाव है और इसकी सफलता के अनेक उदाहरण सामने हैं। इन्हीं कारणों से राजस्थान में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और अजमेर को इसके केंद्र बिंदु में रखकर कार्य हो रहा है।वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने अजमेर को चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सौगातें दी हैं। एलोपैथी में संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसका कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही धरातल पर दिखाई देगा। इसके साथ ही आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में भी विशेषज्ञ सेवाओं के लिए अजमेर को चुना गया है। पुष्कर रोड पर बना आयुर्वेद अस्पताल आमजन को बड़ी राहत प्रदान करेगा, जहां आयुर्वेद से संबंधित सभी उपचार सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि पुष्कर रोड स्थित रसायनशाला का विकास भी अजमेर के लिए एक बड़ी सौगात है। यहां आमजन को पंचकर्म एवं अन्य आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के निदेशक आनन्द कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
13-December-2025 ||
Mera Samaj Merabharat
https://merasamajmerabharat.com/news/detail/11347