logo

देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारंभ, कई वार्डों को मिली नई सौगात

Editor - Omprakash Najwani - Mera Samaj Merabharat
अजमेर, 2 दिसम्बर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की सौगात प्रदान की। उन्होंने विभिन्न वार्डों में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।उन्होंने वार्ड 74 के जी ब्लॉक में श्मशान के निकट स्थित गार्डन वाली गली से शिव मंदिर होते हुए वर्धमान दुकान वाली गली तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसकी लागत 16 लाख रुपए है। इसके पश्चात वार्ड 74 की पाश्र्वनाथ कॉलोनी में विभिन्न गलियों में होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया। इन कार्यों पर 38 लाख रुपए की लागत आएगी। इस निर्माण से कॉलोनी को बेहतर सड़क निर्माण सुविधा प्राप्त होगी और यातायात व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।देवनानी ने वार्ड एक में ज्ञान विहार के पीछे स्थित गोटा कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसकी लागत 26 लाख रुपए है। गोटा कॉलोनी में लंबे समय से विकास कार्यों की दरकार थी। यहां अधिकांश गोटा कार्य से जुड़े श्रमिक परिवार निवास करते हैं, जिनका दैनिक आवागमन कच्ची और जर्जर सड़कों के कारण प्रभावित हो रहा था। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक विकट हो जाती थी। इस सड़क के निर्माण से कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़कें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से सड़क निर्माण एवं सुढ़ीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी। शुभारंभ अवसर पर सतीश बंसल, दिनेश खंडेलवाल, मोनिका डीडवानिया, सुरेश नवाल, पार्षद रूबी जैन, पुखराज पहाड़िया, रोहित भाट, सुनील जैन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

02-December-2025 || Mera Samaj Merabharat
https://merasamajmerabharat.com/news/detail/11211