logo

नागफणी तिराहे पर हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण, क्षेत्र में अब तक 8 जगह स्थापित

Editor - Omprakash Najwani - Ajmer Ka Aaina
अजमेर, 29 नवम्बर। शहर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रकाशमान बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने नागफणी तिराहे पर नवस्थापित हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया। उन्होंने हाईमास्ट लाइट को क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि आधुनिक प्रकाश व्यवस्था सुरक्षा बढ़ाने, शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।लोकार्पण समारोह में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटों की स्थापना एक योजनाबद्ध प्रयास के तहत की जा रही है, ताकि रात्रिकालीन समय में यातायात सुचारू रहे, पैदल राहगीरों को सुविधा मिले और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि हाईमास्ट लाइटों की शुरुआत से आसपास के क्षेत्रों में उजाला बढ़ेगा और नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा।देवनानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध रूप से हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं, जिससे अजमेर को और अधिक सुरक्षित, सुंदर और विकसित स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा। व्यस्त मार्गों पर रात में बेहतर रोशनी से वाहन चालकों को राहत मिलेगी और बाजार क्षेत्रों में आवाजाही सुगम होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।अब तक विधानसभा क्षेत्र में 8 स्थानों—आनासागर पुलिस चौकी, शास्त्री नगर चुंगी, मित्तल अस्पताल तिराहा, टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, चामुंडा चौराहा, सावित्री चौराहा, घाटी वाले बालाजी और नागफणी तिराहा—पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं। प्रत्येक हाईमास्ट लाइट 4.40 लाख रुपये की लागत से लगाई गई है। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, अधिकारी और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
29-November-2025 || Ajmer Ka Aaina
https://ajmerkaaaina.com/news/detail/11182