logo

महासागरों में भारत का भविष्य सुरक्षित करेगा नौसेना का दम: जनरल अनिल चौहान

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
भारत की समुद्री शक्ति के भविष्य पर जोर देते हुए सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि भारतीय नौसेना राष्ट्रीय हितों की रक्षा और भविष्य के सैन्य अभियानों में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला में नवनियुक्त नौसेना अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का अंतिम भाग्य महासागरों से जुड़ा है और नौसेना इस दिशा में सबसे अहम स्तंभ साबित होगी।जनरल अनिल चौहान ने कहा कि “भारत एक महाद्वीपीय और एक समुद्री शक्ति है, लेकिन भारत का अंतिम भाग्य महासागरों में ही निहित है और भारतीय नौसेना इस भाग्य को सुरक्षित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि यह पूर्वनिर्धारित है कि भविष्य में सैन्य शक्ति के किसी भी उपयोग में नौसेना राष्ट्रीय हितों की रक्षा में सबसे अग्रणी होगी।नए भर्ती अधिकारियों को सलाह देते हुए उन्होंने चेताया कि अक्षमता की कीमत जान देकर चुकानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पेशेवर उत्कृष्टता कोई विकल्प नहीं बल्कि एक दायित्व है। “शांति के समय तैयार रहें और युद्ध में विजयी बनें,” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा।जनरल चौहान ने अपनी सेवा के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि पहले सैन्य रणनीति भूगोल से प्रभावित होती थी, लेकिन अब तकनीक ने भूगोल की भूमिका को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश सैन्य रणनीति, संचालन कला और यहां तक कि छोटी-छोटी रणनीतियां भी तकनीक द्वारा संचालित हैं, इसलिए अधिकारियों को अपने करियर में इसी पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य के युद्ध एकीकृत तरीके से लड़े जाएंगे। तीनों सेनाओं के बीच एकीकरण और अंतर-संचालनीयता ही सफलता का मंत्र होगा। इसी दृष्टिकोण से सशस्त्र बलों में एकजुटता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पहले भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमाला में शरदकालीन सत्र की पासिंग आउट परेड आयोजित हुई, जो कठोर और परिवर्तनकारी प्रशिक्षण के समापन का प्रतीक है। कैडेट भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और मित्र विदेशी नौसेनाओं में अधिकारी के रूप में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। जनरल अनिल चौहान ने परेड की समीक्षा की और उन प्लाटूनों का निरीक्षण किया जो नौसेना और तटरक्षक बल में सेवा के लिए तैयार हैं।

29-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11178