logo

शाहजहांपुर में झोपड़ी में आग लगने से बुजुर्ग की जलकर मौत, जांच शुरू

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक दर्दनाक घटना में झोपड़ी में आग लगने से एक बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि कांट थानाक्षेत्र के अलियापुर गांव में रहने वाले रामपाल श्रीवास्तव (60) शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बनी अपनी झोपड़ी में सो रहे थे।रात में अचानक झोपड़ी में आग लग गई। परिजनों के अनुसार, शोर सुनकर सामने मकान में रह रहे परिवार के लोग बाहर निकले, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई बचाव संभव नहीं हो सका। आग बुझाने के सभी प्रयास विफल रहे और रामपाल की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। पुलिस ने झुलसे हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजेश द्विवेदी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

29-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11176