logo

अजमेर में ट्रैफिक सुधार की बड़ी पहल: रात 10 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद, वेंडिंग-नॉन वेंडिंग जोन एक माह में तय

Editor - Omprakash Najwani - Ajmer Ka Aaina
अजमेर, 27 नवम्बर। पर्यटन नगरी के रूप में विकसित हो रहे अजमेर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पुलिस, परिवहन, यातायात विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त बैठक लेकर निर्देश दिए कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह योजनाबद्ध एवं सुव्यवस्थित हो। विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। सुबह 8 से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों व बाजारों में ट्रैफिक प्लान फॉलो किया जाएगा। यातायात पुलिस में नफरी बढ़ेगी। ऑटो व ई-रिक्शा के रूट निर्धारित होंगे। वेंडिंग जोन में ठेले लाइन के भीतर ही खड़े होंगे।सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में देवनानी ने निर्देश दिए कि यातायात बाधित न हो एवं दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती से कदम उठाए जाएं। प्रातः 8 से रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नगर निगम, एडीए व अन्य सरकारी विभागों के भारी वाहनों की संख्या सीमित की जाएगी, उनकी गति 30 किमी से अधिक नहीं होगी तथा सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। किसी भी विभाग का वाहन नियम तोड़ता है तो जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी और सभी वाहनों पर नंबर व अनुमति पत्र चस्पा किए जाएंगे।उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा को निर्देश दिए कि शहर में यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस नफरी बढ़ाई जाए। नागफणीं रोड पर तैयार पुलिस चैक पोस्ट पर सिपाही तैनात होंगे। रेलवे स्टेशन रोड, पड़ाव, जीसीए, रामप्रसाद घाट, डिग्गी चौक, पुरानी मंडी, नया बाजार व आगरा गेट सहित अन्य स्थानों पर अव्यवस्थित ट्रैफिक को सुव्यवस्थित करने के लिए सुनियोजित ट्रैफिक प्लान पूरी तरह लागू किया जाएगा। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा व अन्य सार्वजनिक परिवहन साधन निर्धारित रूट पर ही चलेंगे। नगर निगम को निर्देश दिए गए कि वेंडिंग एवं नॉन वेंडिंग जोन का निर्धारण एक महीने में किया जाए। वेंडिंग जोन में लाइन बनाई जाएगी और कोई भी ठेला लाइन के बाहर खड़ा नहीं होगा। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े किए जाएंगे। लाइन के बाहर खड़े ठेले व वाहनों पर सख्त कार्रवाई होगी। दरगाह, पड़ाव, आगरा गेट जैसे व्यस्त क्षेत्रों में टेम्पो व ई-रिक्शा की संख्या तय की जाएगी। जयपुर रोड पर अशोक उद्यान से बस स्टैंड तक स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता का निर्धारण कर अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाए जाएंगे तथा रामप्रसाद गेट से भागचंद की कोठी तक अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।

27-November-2025 || Ajmer Ka Aaina
https://ajmerkaaaina.com/news/detail/11154