logo

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर अजमेर में पहुंची यमुना प्रवाह यात्रा, युवाओं में जागा एकता का संकल्प

Editor - Omprakash Najwani - Mera Samaj Merabharat
अजमेर, 27 नवम्बर। देश के पहले गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर युवा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यूनिटी मार्च के तहत चार राज्यों राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश की संयुक्त यमुना प्रवाह यात्रा गुरुवार को अजमेर पहुंची। यह यात्रा जयपुर से प्रारंभ होकर अजमेर होते हुए गुजरात के केवड़िया स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर संपन्न होगी। यात्रा के माध्यम से युवाओं को सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्र प्रेम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अजमेर पहुंचने पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में विद्यार्थी संपर्क संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वासुदेव देवनानी, भागीरथ चौधरी, ओमप्रकाश भडाणा और अनिता भदेल ने सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।वासुदेव देवनानी ने सरदार पटेल के जीवन और उनके अमर कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं को ‘युवा शक्ति – राष्ट्र शक्ति’ का नारा दिया और कहा कि यदि सरदार पटेल देश का नेतृत्व करते तो देश की तस्वीर अलग होती। उन्होंने बताया कि पटेल ने 562 रियासतों को मिलाकर अखंड भारत का निर्माण किया और देश को एकता के सूत्र में बांधा। उन्होंने युवा वर्ग से विकसित भारत के संकल्प के साथ परिश्रम करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को आत्मसात करने की अपील की। भागीरथ चौधरी ने सरदार पटेल के अविस्मरणीय कार्यों को याद करते हुए कहा कि यह यात्रा युवाओं में नया जोश पैदा करेगी और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यही शक्ति देश को मजबूत बना सकती है।अनिता भदेल ने कहा कि आजादी के बाद देश अनेक रियासतों में बंटा हुआ था, जिन्हें एक राष्ट्र का स्वरूप सरदार पटेल ने दिया। उन्होंने युवाओं से एकता और अखंडता का संदेश लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। ओमप्रकाश भडाणा ने संकल्प पत्र पढ़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और देश के विकास में योगदान देने की शपथ दिलाई तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर दिया। रमेश सोनी ने सरदार पटेल को राष्ट्र शिल्पी बताते हुए कहा कि उन्होंने विभाजित भारत को एक सूत्र में बांधा। यमुना प्रवाह यात्रा के कोर्डिनेटर विनित त्यागी ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों से ही देश का वर्तमान स्वरूप संभव हुआ है। कार्यक्रम में वैष्णवी पारीक ने शिव तांडव भजन प्रस्तुत किया जबकि वेदिका राठौड़ ने अपनी विशेष कला का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नीरज जैन, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, भवानी सिंह जैदिया, दीपक शर्मा, रजनीकांत, कपिल सांखला सहित नगर निगम के पार्षद और यात्रा में भाग लेने वाले युवा उपस्थित रहे। मंच संचालन रचित कच्छावा द्वारा किया गया।

27-November-2025 || Mera Samaj Merabharat
https://merasamajmerabharat.com/news/detail/11153