वंदे मातरम् 150 : माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में स्वच्छता अभियान के तहत हुआ श्रमदान, कार्यालयों की व्यापक सफाई
Editor - Omprakash Najwani -
Aagaj Ki Aawaj
अजमेर, 26 नवम्बर। वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय में स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई कार्य सम्पन्न किया गया। बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बुधवार को लंच पूर्व समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी शाखाओं में आंतरिक सफाई करते हुए फाइलें एवं रिकॉर्ड सुव्यवस्थित किए तथा लंच पश्चात बोर्ड व रीट कार्यालय परिसर की सफाई हेतु श्रमदान किया गया। इस कार्य के लिए विभिन्न दलों का गठन किया गया। कार्यालय भवन एवं रीट कार्यालय परिसर में आज स्थल मंजिल से लेकर चतुर्थ मंजिल तक सभी शाखाओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पुराने रिकॉर्ड एवं फाइलों को व्यवस्थित किया तथा पुरानी फाइलों को बस्तों में रखा गया। साथ ही अनुपयोगी कबाड़ व रद्दी को निर्दिष्ट स्थान पर एकत्रित किया गया। सायंकाल सचिव एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण के उपरांत परीक्षा सैल-3 शाखा को उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पठन कर शपथ दिलाई गई। संविधान दिवस कार्यक्रम का संचालन विशेषाधिकारी नीतू यादव, निदेशक (शैक्षिक) दर्शना शर्मा एवं बृजेश शर्मा द्वारा किया गया। गिरधर गोपाल एवं रामस्वरूप दायमा ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान से संबंधित रोचक तथ्य व जानकारियां प्रस्तुत कीं।
26-November-2025 ||
Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11144