logo

ई-बस योजना की प्रगति की समीक्षा, रूट चार्ट व डिपो निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश

Editor - Omprakash Najwani - Ajmer Ka Aaina
अजमेर, 25 नवम्बर। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में इलेक्ट्रिक बस संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर निगम महापौर बृजलता हाडा ने भी ई-बस संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा में भाग लिया। बैठक में ई-बस रूट चार्ट तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर रूट को अंतिम रूप देने को लेकर विमर्श हुआ। जिला कलक्टर ने बताया कि वरुण सागर से दौराई रूट सहित विभिन्न मार्गों पर प्राप्त सुझावों को संकलित कर समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की समीक्षा की गई है। रेट निर्धारण पर चर्चा करते हुए बाजार दर के आधार पर किराया संरचना तय करने पर सहमति बनी। बसों के रंग को लेकर बस निर्माता कंपनी द्वारा गुलाबी, नीला, हरा एवं सफेद सहित विकल्प प्रस्तुत किए गए, जिन पर विचार-विमर्श के बाद नीले रंग पर सर्वसम्मति बनी और सभी आगामी ई-बसें नीले रंग में संचालित होंगी, जिससे शहर में बसों की एकरूप एवं आधुनिक पहचान सुनिश्चित होगी।लोक बन्धु ने नौसार घाटी स्थित प्रस्तावित ई-बस डिपो के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सिविल वर्क में तेजी लाने और कांपाउंड वॉल का शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आरसीसी फुटिंग और ओएचएसआर कार्य की गति बढ़ाने, जीएसएस, चार्जिंग स्टेशन, पार्किंग, हाई टेंशन लाइन बिछाने सहित शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वरुण सागर दौराई रूट को तबीजी तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई और इसे रिकॉर्ड में लिया गया, साथ ही ई-बस सेवा के लिए किराया संरचना पर समिति की अनुशंसाओं पर भी विचार किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त देशल दान, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेंद्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ सहित अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, परिवहन एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
25-November-2025 || Ajmer Ka Aaina
https://ajmerkaaaina.com/news/detail/11133