logo

तमिलनाडु राइजिंग सम्मेलन में 43,844 करोड़ के निवेश समझौते, 1 लाख से अधिक नौकरियां बनने की उम्मीद

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
तमिलनाडु में निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित तमिलनाडु राइजिंग सम्मेलन में मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की मौजूदगी में कुल 158 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इन एमओयू के तहत 43,844 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है, जिससे एक लाख से अधिक रोजगार सृजित होंगे।सरकार के अनुसार इंजीनियरिंग कंपनी कैलिबर इंटरकनेक्ट्स कोयंबटूर में सेमीकंडक्टर और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकाई पर 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 4,000 नौकरियां पैदा होंगी। सिंगुलैरिटी एयरोस्पेस कृष्णागिरि जिले में 50 करोड़ रुपये निवेश कर एक उन्नत ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित करेगी।सम्मेलन में साक्षी एयरक्राफ्ट इंडस्ट्री का एमओयू विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कंपनी तिरुपुर जिले में 500 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक दो सीटों वाले प्रशिक्षण विमान बनाने की इकाई लगाएगी, जिससे 1,200 उच्च कौशलयुक्त नौकरियां पैदा होंगी। यह राज्य की पहली प्रशिक्षण विमान विनिर्माण इकाई होगी। राज्य सरकार ने इसे भारत के विमानन भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है। इसके अलावा माइंडऑक्स टेक्नो कोयंबटूर में सेमीकंडक्टर उपकरण संयंत्र हेतु 398 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। महिंद्रा एंड महिंद्रा सॉफ्टवेयर आधारित वाहनों और उन्नत वाहन प्रौद्योगिकी के लिए शोध एवं विकास केंद्र स्थापित करने के लिए सहमति पर पहुंची है।

26-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11121