logo

बिहार को न्यू एज इकोनॉमी हब बनाने का लक्ष्य, नीतीश कुमार ने डिफेंस कॉरिडोर और मेगा टेक सिटी की घोषणा की

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
बिहार को 'न्यू एज इकोनॉमी' के हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, मेगा टेक सिटी और फिनटेक सिटी की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन स्थापित करने की योजना बनाई गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार का मुख्य लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है। सात निश्चय-2 के तहत वर्ष 2020-25 में 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया है और अगले पांच वर्षों (2025-30) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में प्रौद्योगिकी और सेवा आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए न्यू एज इकोनॉमी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य से जुड़े अग्रणी उद्यमियों, प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर विस्तृत योजनाएं तैयार की जाएंगी। बिहार को वैश्विक Back end-Hub और ग्लोबल वर्क प्लेस के रूप में विकसित करने के लिए विभागों और विशेषज्ञों की मदद से कार्ययोजना बनाई जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की युवा आबादी का बेहतर उपयोग राज्य को देश का सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य बना सकता है। औद्योगिक विकास को गति देने हेतु औद्योगिक कॉरिडोर, उच्च गुणवत्ता की आधारभूत संरचना, जल प्रबंधन और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।इसके साथ ही नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को चालू करने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। राज्य के प्रमुख शहरों को बेहतर और सुंदर बनाने के लिए नई तकनीकों का उपयोग कर बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन की स्थापना की जाएगी। इन सभी कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। समिति उद्योगों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की नई सरकार दुगुनी ताकत से औद्योगीकरण और रोजगार सृजन की दिशा में काम कर रही है और जो भी कार्य शुरू किए जाते हैं, उन्हें पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा।

25-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11111