logo

जयराम रमेश की टिप्पणियों पर विशेषाधिकार समिति की बैठक, साक्ष्य भी सुनेगी

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा राज्यसभा सभापति पर कथित अपमानजनक टिप्पणियां करने की शिकायत पर सोमवार को बैठक की। उपसभापति हरिवंश की अध्यक्षता में यह बैठक सुबह 11 बजे संसदीय सौध विस्तार भवन में हुई।आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बैठक में जयराम रमेश के उन बयानों पर चर्चा हुई, जिनमें सभापति के प्रति लगातार और जानबूझकर अपमानजनक टिप्पणियां करने और सार्वजनिक रूप से उनकी निष्पक्षता पर संदेह व्यक्त करने के आरोप हैं। समिति जयराम रमेश के साक्ष्य भी सुनने की तैयारी कर रही है।इसके अलावा तीन अन्य संसदीय समितियों की भी आज बैठकों का आयोजन हुआ। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी समिति ने सभी प्रकार के मीडिया से संबंधित कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा की और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा भारतीय प्रेस परिषद के प्रतिनिधियों के विचार सुने।कोयला, खान एवं इस्पात समिति ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के संगठनात्मक ढांचे और प्रदर्शन पर मंत्रालय के प्रतिनिधियों के मौखिक साक्ष्य लिए।इसी प्रकार रसायन एवं उर्वरक स्थायी समिति ने दवाओं की कीमतों में वृद्धि के विशेष संदर्भ में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण की भूमिका, कार्यों और कर्तव्यों की समीक्षा विषय पर औषधि विभाग के प्रतिनिधियों से मौखिक साक्ष्य सुने। राज्यसभा विशेषाधिकार समिति में विभिन्न राजनीतिक दलों के 10 सदस्य शामिल हैं। यह समिति सदन या सभापति द्वारा भेजे गए प्रत्येक विशेषाधिकार मामले की जांच कर सिफारिशें तैयार करती है और सदन को प्रक्रिया संबंधी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करती है।

24-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11096