logo

भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पर जताया भरोसा, दोनों बने रहेंगे उपमुख्यमंत्री

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
भाजपा के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें नेता चुना गया है। दोनों नेता बिहार में उपमुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और कल उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बिहार में सरकार गठन की तैयारी तेज हो चुकी है। इससे पहले जदयू के विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।भाजपा की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हुए। इसके साथ ही अर्जुनराम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावडे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सम्राट चौधरी जहां पिछड़े वर्ग से आते हैं, वहीं विजय सिन्हा सवर्ण समाज से आते हैं। भाजपा ने इस चयन में जातीय समीकरण को साधने का प्रयास किया है।इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में जदयू विधायक दल ने नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना। बताया गया है कि नीतीश कुमार 19 नवंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। नीतीश कुमार ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और 20 नवंबर तक गांधी मैदान में आमजन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

19-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11026