logo

विभागीय समन्वय बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
अजमेर, 17 नवम्बर। अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार फ्लैगशिप योजनाओं, विकास कार्यों और संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश द्वारा ग्राम पंचायतों में संचालित अन्नपूर्णा रसोई की समीक्षा की गई और व्यवस्थाओं में सुधार एवं संचालन को नियमित रखने के निर्देश दिए।अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को 30 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने, योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिले की रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को कुसुम योजना के तीनों घटकों की प्रगति बढ़ाने तथा किसानों के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाकर सोलर पंप स्वीकृति जारी करने को कहा।महिला अधिकारिता विभाग की योजनाओं की समीक्षा में लाड़ो प्रोत्साहन योजना में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए निजी अस्पतालों से समन्वय स्थापित कर योजना की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों को तारबंदी, फार्म पॉन्ड तथा उद्यानिकी विभाग को स्प्रिंकलर के आवेदन लक्ष्य अनुसार लाभान्वित कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को योजनाओं की उपयोगिता और प्रक्रिया की सरल जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव बढ़ाने, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को हर घर जल योजना के तहत सभी जल कनेक्शन समय पर जारी करने तथा अमृत योजना में स्वीकृत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को अटल प्रगति पथ और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।बैठक में पंच गौरव से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की गई और स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान 30 दिवस से अधिक लंबित मामलों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण करने तथा सभी विभागीय अधिकारियों को पोर्टल पर प्रकरणों की स्थिति नियमित रूप से अद्यतन कर स्वयं निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।सुश्री ककवानी ने कहा कि विभागीय अधिकारी समन्वित प्रयासों से योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करें, पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ पहुंचाएँ और जिले की रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करें। इस अवसर पर लोक सेवाओं की सहायक निदेशक विनीता स्वामी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

17-November-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/11015