|
अजमेर, 11 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के आरी गांव में सोमवार रात तीन नाबालिग सगी बहनों के शव एक खेत में बने कुएं से बरामद किए गए। तीनों बहनें सोमवार शाम से लापता थीं। अजनर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह यादव ने बताया कि आरी गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर ललौनी रोड स्थित तिजवा अहिरवार के खेत में बने जर्जर कुएं से रम्मू अहिरवार की तीन बेटियों — रुचि (7 वर्ष), पुष्पा (5 वर्ष) और दीक्षा (3 वर्ष) के शव निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए।सत्यपाल सिंह यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिलता है कि तीनों बहनें खेलते समय कुएं के पास गई होंगी और पैर फिसलने से कुएं में गिर गई होंगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।वहीं, एक दूसरी दर्दनाक घटना में उत्तर प्रदेश के नोएडा इलाके के थाना बीटा-2 क्षेत्र के एच्छर गांव में रविवार को कूड़े के ढेर से एक बच्ची का भ्रूण मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।थाना बीटा-2 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत सफाई कर्मी एच्छर गांव के पास सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें कूड़े के ढेर में सात माह का भ्रूण दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि भ्रूण बच्ची का है।
विनोद कुमार ने बताया कि भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और उसका डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। प्रथम दृष्ट्या ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्ची के माता-पिता ने लोक लाज के चलते गर्भपात करवाकर भ्रूण को वहां फेंका है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
|