नई दिल्ली, 10 नवम्बर। राजधानी दिल्ली में सोमवार को दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। जंतर-मंतर पर एक व्यक्ति ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली, वहीं महिपालपुर में पानी गर्म करते समय करंट लगने से 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दोनों मामलों की पुलिस जांच जारी है।जंतर-मंतर पर आत्महत्या की घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए मेटल डिटेक्टर गेट के पास स्थित एक चाय की दुकान के पास खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारी ने कहा कि किन परिस्थितियों में व्यक्ति ने खुद को गोली मारी, इसकी पुष्टि की जा रही है। मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।दूसरी ओर, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर में रविवार रात एक 23 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मणिपुर की रहने वाली महिला पानी गर्म करने के लिए बिजली की रॉड का इस्तेमाल कर रही थी। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो उसी इमारत में रहने वाली उसकी दोस्त ने दरवाजा खटखटाया, जो अंदर से बंद था। बाद में उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देखा कि महिला बाथरूम में बेहोश पड़ी थी और उसके हाथ में बिजली की रॉड थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कहा कि यह मामला बिजली का करंट लगने का प्रतीत होता है और अब तक किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका नहीं है।