पटना। राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मोकामा हत्याकांड और बढ़ती अपराध दर को ‘महा जंगल राज’ करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बिहार में फैलते अपराध को देख ही नहीं पा रहे। तेजस्वी ने कहा कि जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट है कि राज्य में अपराधियों का बोलबाला है।तेजस्वी यादव ने कहा, “घटना (मोकामा हत्याकांड) के बाद ऐसा होना ही था। प्रधानमंत्री आज पटना आ रहे हैं। क्या उन्हें आरा, रोहतास में पिता-पुत्र की हत्या और आए दिन की गोलीबारी दिखाई नहीं देती? राज्य में ‘महा जंगल राज’ की स्थिति पैदा कर दी गई है।”राजद नेता ने विश्वास जताया कि महागठबंधन 14 नवंबर को सरकार बनाएगा और 18 नवंबर को सत्ता संभालेगा। उन्होंने वादा किया कि 26 जनवरी तक बिहार के सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।रोजगार के मुद्दे पर भी तेजस्वी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “वह गुजरात में कारखाने लगाते हैं और बिहार में जीत चाहते हैं। यह अब और नहीं चलेगा।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में एक भी नौकरी पैदा नहीं की और अब एक करोड़ नौकरियाँ देने की बात कर रहे हैं, जो केवल एक ‘नौटंकी’ है।तेजस्वी का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस वक्तव्य के बाद आया है, जिसमें शाह ने राजद पर ‘जंगल राज’ चलाने का आरोप लगाया था। शाह ने कहा था कि यह चुनाव यह तय करने का मौका है कि बिहार का भविष्य किसे सौंपा जाए—उन लोगों को जिन्होंने ‘जंगल राज’ की शुरुआत की, या मोदी-नीतीश की जोड़ी को जिसने विकास किया।पिछले महीने प्रधानमंत्री मोदी ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें भ्रष्टाचार के ‘युवराज’ और ‘झूठे वादों की दुकान’ चलाने वाला बताया था।
बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।