|
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ के रजत महोत्सव में शामिल होकर राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएंगे। इस अवसर पर वे ₹14,260 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिससे बुनियादी ढांचे, ग्रामीण आजीविका और सड़क संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे, जहाँ वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत वे नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोगों का इलाज करा चुके 2500 बच्चों से बातचीत करेंगे। इसके बाद लगभग 10:45 बजे वे ब्रह्माकुमारीज़ के “शांति शिखर” का उद्घाटन करेंगे, जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान का आधुनिक केंद्र है।
लगभग 11:45 बजे प्रधानमंत्री नवा रायपुर अटल नगर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। यह भवन ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर आधारित है और सौर ऊर्जा तथा वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित है। इस अवसर पर वे जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
दोपहर लगभग 1:30 बजे मोदी शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय राज्य के जनजातीय समुदायों की वीरता और देशभक्ति की विरासत को संरक्षित करेगा। इस दौरान वे संग्रहालय पोर्टल और ई-बुक “आदि शौर्य” का शुभारंभ करेंगे और शहीद वीर नारायण सिंह की घुड़सवार प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
लगभग 2:30 बजे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत महोत्सव में भाग लेंगे। इस दौरान वे सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए मोदी छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 12 नए स्टार्ट-अप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (एसवीईपी) ब्लॉकों का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री 3.51 लाख पूर्ण हो चुके घरों के गृह प्रवेश में भाग लेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख लाभार्थियों को 1200 करोड़ रुपये की राशि जारी करेंगे। इसके अलावा, मोदी पत्थलगांव-कुंकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा तक चार लेन वाले ग्रीनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला रखेंगे, जिसका निर्माण एनएचएआई द्वारा भारतमाला परियोजना के तहत ₹3,150 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
यह राजमार्ग कोरबा, रायगढ़, जशपुर, रांची और जमशेदपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ते हुए मध्य भारत को पूर्वी क्षेत्र से जोड़ेगा। साथ ही प्रधानमंत्री बस्तर और नारायणपुर जिलों में एनएच-130डी के निर्माण और उन्नयन की आधारशिला भी रखेंगे, जिससे जनजातीय और आंतरिक क्षेत्रों में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा तक पहुँच में सुधार होगा तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
|