राफेल में उड़ान भरकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रचा इतिहास
स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह के साथ नजर आईं, पाकिस्तानी झूठे दावों का हुआ पर्दाफाश
Editor - Omprakash Najwani -
Aagaj Ki Aawaj
अंबाला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल फाइटर जेट में उड़ान भरकर इतिहास रच दिया। इस दौरान उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह मौजूद थीं, जिनके बारे में पाकिस्तान के प्रभावकों और मीडिया ने झूठा दावा किया था कि उन्हें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पकड़ लिया गया है। राष्ट्रपति के साथ उनकी उपस्थिति ने इस झूठे प्रचार को पूरी तरह खारिज कर दिया।राष्ट्रपति मुर्मू की यह उड़ान ना केवल उनके साहसिक नेतृत्व की प्रतीक बनी, बल्कि भारत की रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी प्रदर्शित करती है। इस मौके पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इससे पहले 8 अप्रैल 2023 को राष्ट्रपति मुर्मू ने असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट में उड़ान भरी थी। वह फाइटर जेट में उड़ान भरने वाली तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति बनीं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल ने भी सुखोई-30 एमकेआई विमान में उड़ान भरी थी।फ्रेंच कंपनी डसॉल्ट एविएशन द्वारा निर्मित राफेल फाइटर जेट को सितंबर 2020 में अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। पहले पांच राफेल विमान 27 जुलाई 2020 को फ्रांस से भारत पहुंचे थे और उन्हें 17 स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एरो’ में शामिल किया गया था।
राष्ट्रपति की यह उड़ान इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में राफेल जेट्स ने ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसमें 7 मई को पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों में कई आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया था।
29-October-2025 ||
Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/10889