|
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 27 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के राज्य मुख्यालय से जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ की गई, जिन्होंने विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा या पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों का विरोध किया।आरजेडी ने कहा कि बिहार विधान सभा आम चुनाव 2025 में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ने वाले या पार्टी विरोधी आचरण में लिप्त कार्यकर्ताओं के खिलाफ राज्य मुख्यालय को प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। पार्टी ने इन नेताओं की प्राथमिक सदस्यता भी छह वर्षों के लिए रद्द कर दी है।इस बीच, छठ पर्व के समापन के साथ ही बिहार पूरी तरह चुनावी माहौल में डूब गया है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल राज्यभर में रैलियों और जनसभाओं की तैयारियों में जुट गए हैं। महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) दोनों ही मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।पटना में महागठबंधन आज अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगा। घोषणापत्र में रोजगार, महंगाई, शिक्षा और किसान कल्याण जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कांग्रेस नेता कृष्णा अल्लावरु ने बिहार के लिए महागठबंधन की प्रमुख प्रतिबद्धताओं की जानकारी दी है, जिनमें महिलाओं के लिए 2,500 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता, 25 लाख रुपये तक का मुफ्त चिकित्सा उपचार कवरेज और भूमिहीन परिवारों को 3 से 5 डिसमिल भूमि आवंटन शामिल हैं।
वहीं, एनडीए की ओर से भी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में राज्यभर में रैलियों की तैयारियां की जा रही हैं।
|