|
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती बुधवार को लखनऊ में पार्टी के ‘मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन’ की एक विशेष मंडल स्तरीय बैठक को संबोधित करेंगी। यह बैठक मुस्लिम समाज के बीच पार्टी की पहुंच को मजबूत करने की कोशिशों का हिस्सा है।बसपा के उत्तर प्रदेश कार्यालय से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, यह बैठक 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे 12-मॉल एवेन्यू स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित होगी। बैठक का उद्देश्य बसपा में मुस्लिम समाज की भागीदारी को और अधिक बढ़ाना है।पार्टी ने बताया कि मायावती इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी। इसके अलावा वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा हाल ही में जारी निर्देशों पर भी चर्चा करेंगी।
बसपा ने इस महीने की शुरुआत में 9 अक्टूबर को पार्टी के संस्थापक दलित नेता कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में एक विशाल जनसभा आयोजित की थी। अब यह विशेष बैठक पार्टी के अल्पसंख्यक समाज में जनसंपर्क को और सशक्त करने की दिशा में एक और कदम मानी जा रही है।
|