logo

केरल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, दो लोगों की मौत, अलर्ट जारी

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
तिरुवनंतपुरम। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के साथ केरल में बारिश की गतिविधियों में तेज़ी आ गई है। सोमवार को राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया।अलप्पुझा जिले में अर्थुनकल तट के पास तेज हवाओं के कारण एक मछुआरे की नाव पलट जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अर्थुनकल निवासी पॉल देवासिया के रूप में हुई है। वह सुबह मछली पकड़ने गया था। हालांकि अन्य मछुआरों ने उसे बचाकर बाहर निकाला, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।इस बीच, अंगमाली के निकट मुकनूर में आकाशीय बिजली गिरने से पश्चिम बंगाल के कोखन मिस्त्री (45) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मिस्त्री एक कारखाने में काम करता था और सुबह करीब 8.15 बजे उसके किराए के घर पर बिजली गिरने से उसकी मौत हुई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोझिकोड, कासरगोड, कोट्टायम, पथनमथिट्टा और कन्नूर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। वहीं वायनाड, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर, एर्णाकुलम, इडुक्की और अलप्पुझा के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।अधिकारियों ने बताया कि सुबह से ही उत्तरी जिलों में भारी बारिश हुई जिससे कोझिकोड शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया और केएसआरटीसी बस अड्डे के पास कई दुकानों में पानी भर गया। मलप्पुरम और कन्नूर के ऊंचे इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण पेरुम्बवूर के निकट अलुवा-मुन्नार सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

27-October-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/10873