logo

देहरादून में कार चालक की पिटाई के मामले में चार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
उत्तराखंड के देहरादून में मसूरी डायवर्जन के पास इस साल अगस्त में एक कार चालक की कथित पिटाई के मामले में दो उपनिरीक्षकों सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों के अनुसार, देहरादून की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) साहिस्ता बानो ने पीड़ित कुनाल चौधरी की शिकायत पर पुलिस को जांच करने का आदेश दिया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। चौधरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि छह अगस्त को मसूरी डायवर्जन से गुजरते समय चार पुलिसकर्मियों ने शराब की जांच के नाम पर उसकी पिटाई की थी।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शराब न पीने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसका शराब पीकर कार चलाने का चालान काट दिया। जब उसने विरोध किया तो चारों पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। देहरादून के नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया, “हमने राजपुर पुलिस थाने में तैनात चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”

25-October-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/10863