|
रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में फतेहपुर के निवासी अनुसूचित जाति के हरिओम वाल्मीकि (40) की चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मारपीट और शव के वीडियो ऑनलाइन आने के बाद जनता में व्यापक आक्रोश फैल गया।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को फतेहपुर पहुंच कर वाल्मीकि परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने भाजपा सरकार को दलित विरोधी बताया।इस पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘‘घड़ियाली आंसू बहाने वाली कांग्रेस और गांधी खानदान की असलियत जनता जानती है।’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी फोटो खिंचवाने गए थे और पीड़ित परिवार के दर्द से उनका कोई लेना-देना नहीं है। मौर्य ने बताया कि वाल्मीकि की हत्या करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और ‘‘और भी कार्रवाई’’ होगी।प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा राजनीतिक पर्यटन से अधिक कुछ नहीं था। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जातिगत अपराध नहीं था और घटना को जातिगत रंग देने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। अरुण ने कहा कि आरोपी विभिन्न वर्गों के हैं और किसी को भी पीड़ित की जाति की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि जब वे और कैबिनेट मंत्री राकेश सचान परिवार से मिले थे, तब परिवार पूरी तरह संतुष्ट था, उनकी नौकरी की मांग तत्काल पूरी की गई और न्याय मिला।
मंत्री ने कहा कि इस सामूहिक हत्या में नामजद 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक मुठभेड़ भी हुई। उन्होंने कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए कहा कि मौत पर राजनीति करना कांग्रेस का काम है।
|