logo

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता वैश्विक सकारात्मक संदेश, कहा ऋषि सुनक ने

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
भारत और ब्रिटेन ने एक द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते, व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं, जो दोनों देशों की दीर्घकालिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने शुक्रवार को कहा कि अधिक संरक्षणवादी होती जा रही दुनिया में भारत और ब्रिटेन जैसे देशों द्वारा एक बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करना दुनिया को एक बहुत सकारात्मक संकेत देता है।‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ में आयोजित एक संवाद सत्र में सुनक ने कहा, ‘‘हाल में व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होते देखना बहुत अच्छा लगा। इस पर मैंने काम करना शुरू किया था, और मुझे खुशी है कि नई सरकार ने इसे पूरा किया।’’ उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन का यह कदम दुनिया भर में सहयोग और खुली अर्थव्यवस्था के महत्व को रेखांकित करता है।जुलाई में भारत और ब्रिटेन ने व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (सीईटीए) पर हस्ताक्षर किए थे, जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। सत्र के दौरान जब सुनक से व्यापार समझौते और भारत-ब्रिटेन संबंधों के भविष्य के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि एक ऐसी दुनिया में जो तेजी से संरक्षणवादी होती जा रही है, भारत और ब्रिटेन जैसे देशों द्वारा एक बड़ा व्यापार समझौता करना दुनिया को यह संदेश देता है कि यह रिश्ता मायने रखता है। सुनक ने कहा कि यह समझौता व्यवसायों, नागरिक समाज, सांस्कृतिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों को भी यह भरोसा दिलाता है कि भारत-ब्रिटेन साझेदारी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दोनों देश इतिहास, संस्कृति, परिवारों और तेजी से बढ़ते आर्थिक संबंधों से अटूट रूप से जुड़े हुए हैं। ब्रिटिश नेता ने कहा, ‘‘भारत मेरे लिए बहुत मायने रखता है, लेकिन ब्रिटेन के लिए भी इसका बहुत महत्व है।’’

18-October-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/10828