logo

अमित शाह ने की नीतीश कुमार से मुलाकात, एनडीए उनके नेतृत्व में लड़ेगा बिहार चुनाव

Editor - Omprakash Najwani - Aagaj Ki Aawaj
पटना। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित आवास पर मुलाकात की। यह बैठक बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन के आखिरी दिन हुई। शाह ने पुष्टि की कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी बिहार चुनाव लड़ेगा।शाह ने एक मीडिया कार्यक्रम में कहा कि नीतीश कुमार जेपी आंदोलन और आपातकाल के दौरान सबसे प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं, जो हमारे चुनाव अभियान का भी नेतृत्व करेंगे। जहाँ भी हमें पूर्ण बहुमत मिला, चाहे वह राज्य हो या केंद्र, हमने गठबंधन सरकार चलाई और सहयोगियों का सम्मान किया है, इस बार भी करेंगे।”भाजपा नेताओं ने एनडीए में एकजुटता और सहयोगियों के सम्मान पर जोर दिया। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल ने भी पुष्टि की कि नीतीश कुमार विधानसभा चुनावों में एनडीए का चेहरा होंगे। उन्होंने कहा, “हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और भविष्य में भी एनडीए उनके नेतृत्व में काम करता रहेगा।” गौरतलब है कि एनडीए ने सीट बंटवारे के फ़ॉर्मूले को भी अंतिम रूप दे दिया है। भाजपा और जनता दल-यूनाइटेड (जेडी-यू) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को छह-छह सीटें मिली हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें दी गई हैं
17-October-2025 || Aagaj Ki Aawaj
https://aagajkiaawaj.com/news/detail/10822