पटना। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 44 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत पार्टी ने अपने सभी 101 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दूसरी सूची में पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है, जिसमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित 4 मुस्लिम और 9 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।
जेडीयू की दूसरी सूची के अनुसार, मुस्लिम उम्मीदवारों में अमौर से सबा ज़फ़र, जोकीहाट से मंज़र आलम, अररिया से शगुफ्ता अज़ीम और चैनपुर से मोहम्मद ज़मा खान शामिल हैं। वहीं महिला उम्मीदवारों में केसरिया से शालिनी मिश्रा, शिवहर से श्वेता गुप्ता, बाबूबरही से मीना कुमारी कामत, फुलपरास से शीला कुमारी मंडल, त्रिवेणीगंज से सोनम रानी सरदार, अररिया से शगुफ्ता अजीम, धमदाहा से लेशी सिंह, बेलागंज से मनोरमा देवी और नवादा से विभा देवी यादव को टिकट दिया गया है।
आगामी चुनावों में अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में जयंत राज कुशवाहा शामिल हैं, जो अमरपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। दुलाल चंद्र गोस्वामी कदवा से, बिजय सिंह निषाद बरारी से और शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल गोपालपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं।
प्रदेश महासचिव सुभाष चंद्रवंशी द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सीवान जिले के बासोपट्टी से टिट्टू को उम्मीदवार बनाया गया है। मधुबनी से मयंक आनंद, रोहतास जिले के दिनारा से आलोक कुमार सिंह, समस्तीपुर के उजियारपुर से प्रशांत कुमार पासवान, रोहतास के सासाराम से मीनाक्षी और मुजफ्फरपुर के पारू से टिट्टू को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
जेडीयू की इस सूची से साफ है कि पार्टी ने विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है, ताकि चुनावी मैदान में संतुलित सामाजिक समीकरण कायम रखा जा सके।