झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन शनिवार सुबह अपने आवास के बाथरूम में गिरकर घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दी। अंसारी ने बताया कि हादसे के बाद सोरेन को पहले जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उनके दिमाग में खून का थक्का पाए जाने की पुष्टि हुई।इरफान अंसारी ने कहा कि रामदास सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। गिरने से उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी और खून का थक्का जम गया, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के अस्पताल ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे लगातार संपर्क में हैं और सोरेन की हालत पर नजर रखे हुए हैं।
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हैं और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र से 2009, 2019 और 2024 में विधायक निर्वाचित हुए हैं। वे पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं।
|