देहरादून में कार चालक की पिटाई के मामले में चार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज
उत्तराखंड के देहरादून में मसूरी डायवर्जन के पास इस साल अगस्त में एक कार चालक की कथित पिटाई के मामले में दो उपनिरीक्षकों सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, देहरादून की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) साहिस्ता बानो ने पीड़ित कुनाल चौधरी की शिकायत पर पुलिस को जांच करने का आदेश दिया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। चौधरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि छह अगस्त को मसूरी डायवर्जन से गुजरते समय चार पुलिसकर्मियों ने शराब की जांच के नाम पर उसकी पिटाई की थी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि शराब न पीने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसका शराब पीकर कार चलाने का चालान काट दिया। जब उसने विरोध किया तो चारों पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
देहरादून के नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया, “हमने राजपुर पुलिस थाने में तैनात चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”
Latest News
