नशे में झगड़े के बाद पत्नी ने कुल्हाड़ी से की पति की हत्या
झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार को घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पति की कुल्हाड़ी से वार कर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना जिले के लेम गांव की है, जहां 27 वर्षीय किरण उरांव ने अपने पति अशोक उरांव पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बासल पुलिस चौकी के प्रभारी अधिकारी कैलाश कुमार ने बताया कि मृतक अशोक उरांव (28) आदतन शराबी था और अक्सर नशे की हालत में अपनी पत्नी से झगड़ा करता था तथा उसके साथ मारपीट करता था। उसके व्यवहार से तंग आकर किरण उरांव कई बार अपना ससुराल छोड़कर पिथोरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुबिल्या गांव में अपने माता-पिता के पास चली जाती थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को भी अशोक नशे की हालत में पत्नी से झगड़ा करने लगा और उस पर हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान किरण उरांव ने आत्मरक्षा में कुल्हाड़ी उठाकर उस पर वार कर दिया। हमले में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी किरण उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Latest News
