महाराष्ट्र में महायुति की चुनावी रणनीति तेज, फडणवीस–शिंदे की बंद कमरे में बैठक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार रात आगामी नगर निगम चुनावों पर चर्चा के लिए बंद कमरे में बैठक की। एएनआई के अनुसार, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन मुंबई और ठाणे सहित सभी नगर निगम चुनाव मिलकर लड़ेगा। बैठक में राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और शिवसेना के वरिष्ठ नेता रवींद्र चव्हाण भी मौजूद रहे। शिवसेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि दोनों दलों के नेताओं के बीच महायुति के बैनर तले चुनाव लड़ने को लेकर रचनात्मक बातचीत हुई। अगले दो-तीन दिनों में प्रत्येक नगर निगम के लिए सीट बंटवारे और अन्य विवरणों को अंतिम रूप देने के लिए स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू की जाएगी।
यह बैठक उस समय हुई है जब शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने दावा किया था कि महायुति गठबंधन के एक सहयोगी दल के 22 से अधिक विधायक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के क़रीबी हैं और पाला बदलने को तैयार बैठें हैं। ठाकरे ने परोक्ष रूप से एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का उल्लेख करते हुए कहा था कि एक पार्टी है और राजकोषीय मोर्चे पर दो गुट हैं, जिनमें से एक के 22 विधायक मुख्यमंत्री की ओर झुक गए हैं।
इन राजनीतिक अटकलों के बीच देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसी राजनीति नहीं करती और महायुति भविष्य में और मज़बूत होगी। उन्होंने कहा कि शिंदे सेना हमारी सहयोगी और सच्ची शिवसेना है। हम ऐसी राजनीति नहीं करते। हम उनके साथ खड़े हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि वे मज़बूत हों। भविष्य में, शिवसेना, भाजपा और महायुति निश्चित रूप से और अधिक मज़बूत होंगे।
Latest News
