बटाला में मुठभेड़ के बाद माणिक गिरफ्तार, चीमा हत्याकांड का मुख्य आरोपी घायल
पंजाब के बटाला में सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दीप चीमा हत्याकांड के वांछित आरोपी माणिक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, माणिक दो नवंबर को गुरदासपुर जिले के बटाला स्थित खोखर पैलेस के पास पांच हमलावरों द्वारा की गई चीमा की हत्या के मामले में फरार चल रहा था।
पुलिस उप महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) संदीप गोयल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि माणिक मोटरसाइकिल से खुलियान गांव की ओर आता दिखाई देगा। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर माणिक ने टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
माणिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चीमा हत्याकांड में पुलिस हरिंदर और सविंदर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गोयल ने कहा कि मामले में शामिल बाकी दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Latest News
