रेडिसन ब्लू होटल के पास धमाके जैसी आवाज से मचा हड़कंप, टायर फटने की निकली वजह
नई दिल्ली, 13 नवम्बर। दिल्ली के महिपालपुर स्थित रेडिसन ब्लू होटल के पास गुरुवार सुबह धमाके जैसी आवाज से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 9:18 बजे सूचना मिली और तीन दमकल गाड़ियाँ मौके पर भेजी गईं। दिल्ली पुलिस ने इलाके की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि सुबह नौ बजकर 19 मिनट पर सूचना मिली कि महिपालपुर में रेडिसन के पास एक धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी है, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों को गहन जांच के बाद भी घटनास्थल पर कुछ नहीं मिला।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि फोन करने वाले से संपर्क किया गया और उसने बताया कि जब वह गुरुग्राम जा रहा था, तभी तेज आवाज सुनाई दी। जांच में पता चला कि धौला कुआं जा रही डीटीसी बस का पिछला टायर फट गया था और उसी से यह आवाज आई। अधिकारी ने बताया कि स्थिति सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम लाल किला क्षेत्र में हुए विस्फोट में 13 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। जांचकर्ताओं के अनुसार, हमलावर डॉ. उमर था, जिसने विस्फोट से 11 दिन पहले हमले में इस्तेमाल की गई सफेद हुंडई i20 कार खरीदी थी। डीएनए नमूने मेल खाने के बाद पुष्टि हुई कि विस्फोट के समय वह गाड़ी चला रहा था। अधिकारी अब डॉ. उमर को फरीदाबाद, लखनऊ और दक्षिण कश्मीर के बीच सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद के एक लॉजिस्टिक्स मॉड्यूल से जोड़ रहे हैं। इस समूह में नौ से दस सदस्य शामिल थे, जिनमें पाँच से छह डॉक्टर बताए जा रहे हैं, जिन्होंने विस्फोटक सामग्री जुटाने के लिए अपनी चिकित्सा योग्यता का इस्तेमाल किया।
Latest News
