Trending News

मुंबई में सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, डीआरआई ने सरगना समेत 11 गिरफ्तार किए

:: Editor - Omprakash Najwani :: 12-Nov-2025
:

मुंबई, 12 नवम्बर। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई में सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि डीआरआई ने लगभग 15 करोड़ रुपये मूल्य का 11.88 किलोग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया है।

डीआरआई के एक अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि भारत में सोने की तस्करी कर इसे ग्रे मार्केट में बेचने की एक सुनियोजित साजिश रची गई थी, जिसमें आयात नियमों का उल्लंघन और सरकारी राजस्व की चोरी की गई।

डीआरआई की मुंबई जोनल इकाई को शहर में सोने की तस्करी और इस धातु को पिघलाने वाले गिरोह के संचालन की खुफिया जानकारी मिली थी। जानकारी के आधार पर, सोमवार को शहर में चार स्थानों पर एक साथ तलाशी ली गई, जिसमें सोना पिघलाने वाली दो अवैध इकाइयों और दो अपंजीकृत दुकानों का खुलासा हुआ।

अधिकारी ने बताया कि एक सक्रिय इकाई में तस्करी किए गए सोने को पिघलाकर बार आदि रूपों में परिवर्तित किया जा रहा था। इन इकाइयों से कुल 6.35 किलोग्राम सोना जब्त किया गया और भट्टियों का संचालन करने वालों को गिरफ्तार किया गया।

गिरोह के सरगना से जुड़ी दो दुकानों पर की गई तलाशी में 5.53 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद की गईं। कुल मिलाकर डीआरआई ने 15.05 करोड़ रुपये मूल्य का 11.88 किलोग्राम सोना और 13.17 लाख रुपये मूल्य की 8.72 किलोग्राम चांदी जब्त की। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन