लाल किला विस्फोट पर गृह मंत्री अमित शाह की उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक, देशभर में सतर्कता बढ़ाई गई
अजमेर, 12 नवम्बर। गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद राष्ट्रीय राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। बैठक गृह मंत्री के आवास पर हुई।
बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक सदानंद वसंत दाते शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
बैठक के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने विस्फोट के बाद की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दीं। अमित शाह ने सोमवार को कहा था कि वह आज सुबह शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ विस्फोट की विस्तृत समीक्षा करेंगे। एलएनजेपी अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद शाह ने संवाददाताओं से कहा था, “कल सुबह, हम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गृह मंत्रालय में हुए विस्फोट का विस्तृत विश्लेषण करेंगे।”
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, लाल किले के बाहर हुए भीषण विस्फोट की शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि आई-20 कार जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से जुड़ी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, जिस आई-20 कार में विस्फोट हुआ, उसे कथित तौर पर पुलवामा के एक निवासी ने खरीदा था।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें संदिग्ध की कार लाल किले के पास पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करती और बाहर निकलती दिखाई दे रही है। फुटेज में संदिग्ध कार चालक अकेला नजर आ रहा है। पुलिस अब इस दिशा में जांच आगे बढ़ा रही है।
Latest News
