‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दिखाई भारत की राजनीतिक इच्छाशक्ति : जनरल नरवणे
मुंबई, 8 नवम्बर। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा कि भारत की नीति के दृष्टिकोण से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने दुनिया को यह दिखाया है कि भारत न केवल राजनीतिक इच्छाशक्ति रखता है, बल्कि आवश्यक सैन्य क्षमता भी रखता है।
मुंबई में आयोजित ‘सीएनबीसी-टीवी18 ग्लोबल लीडरशिप समिट 2025’ को संबोधित करते हुए जनरल नरवणे ने कहा कि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह आतंकवादियों और आतंकवाद को प्रायोजित करने वालों के बीच कोई अंतर नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत की रक्षा रणनीति में एक बड़ा बदलाव है, जिसने देश की नीति को नई दिशा दी है।
जनरल नरवणे ने ड्रोन और मानवरहित प्रणालियों जैसे उभरते क्षेत्रों में क्षमताओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने रोमन जनरल वेजेटियस के कथन का उल्लेख करते हुए कहा, "यदि आप शांति चाहते हैं, तो युद्ध के लिए तैयार रहें", यह उनके पसंदीदा उद्धरणों में से एक है।
कनाडा में पूर्व राजदूत विकास स्वरूप ने कहा कि यह अभियान सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध “दस्तावेजों से निर्णायक बल” की ओर एक बदलाव था।
Latest News
