नुआपाड़ा में नवीन पटनायक के रोड शो से पहले बीजद ने मांगी अतिरिक्त सुरक्षा
नुआपाड़ा (ओडिशा)। ओडिशा के नुआपाड़ा में शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक के निर्धारित रोड शो और जनसभाओं से पहले पार्टी ने अधिकारियों से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। बीजद को आशंका है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता जुलूस पर पथराव करने या अशांति फैलाने का प्रयास कर सकते हैं।
नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव होना है। इसी के मद्देनज़र बीजद ने ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बृहस्पतिवार रात को एक अर्जी भेजी। अर्जी में कहा गया, “हमें आशंका है कि कुछ भाजपा नेता और कार्यकर्ता नवीन पटनायक के दौरे में विघ्न डालने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा और प्रचार कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।”
पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक बीजद उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया के समर्थन में खरियार क्षेत्र में रोड शो करेंगे। उनका काफिला डागा स्क्वायर, बीजू पटनायक स्क्वायर और लखमनिया पेट्रोल पंप स्क्वायर जैसे प्रमुख स्थलों से गुजरेगा। इसके अलावा वे सूर्यनगर स्क्वायर, गायत्री स्क्वायर और एकता स्क्वायर से होते हुए एक अन्य रोड शो का भी नेतृत्व करेंगे। पटनायक रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करेंगे और पार्कोद में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पटनायक ने तीन नवंबर को भी पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा की थी। वहीं मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कोमा में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में एक रोड शो आयोजित किया था।
Latest News
