नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हरियाणा विधानसभा चुनावों में ‘वोट धोखाधड़ी’ के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें ‘मानसिक रूप से दिवालिया’ व्यक्ति का झूठ बताया। प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’ निष्क्रिय हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठ फैलाने का नया ‘स्टार्टअप’ चला रहे हैं।
प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में 25 लाख फर्जी वोटों का दावा किया, लेकिन वे चुनाव आयोग के सामने कोई तथ्य नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ नाटक करते हैं—आरोप लगाते हैं और फिर भाग जाते हैं। एएनआई से बातचीत में प्रधान ने कहा, ‘‘तीन दिन पहले उन्होंने कहा था कि वे एक ‘हाइड्रोजन बम’ गिराने वाले हैं। वह बम धराशायी हो गया। जो व्यक्ति खुद झूठा है और झूठे तथ्य प्रस्तुत करता है, वह झूठ फैलाने और झूठी कहानी गढ़ने वाला स्टार्टअप चला रहा है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी ‘‘सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और दिवालियापन की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे व्यक्ति को यह एहसास नहीं होता कि वह क्या कह रहा है।’’ उन्होंने कहा कि एक विपक्षी नेता को ऐसा आचरण शोभा नहीं देता।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने बुधवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर मतदाता धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि राज्य में लगभग 25 लाख फर्जी वोट हैं और कहा था कि एक भ्रष्ट मतदाता सूची लोकतंत्र को कमजोर करती है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा करने और सत्य व अहिंसा के ज़रिए लोकतंत्र बहाल करने का आह्वान किया था।
