Trending News

कबड्डी खिलाड़ी की हत्या पर विपक्ष हमलावर, पूछा— क्या यही आपका ‘रंगला पंजाब’ है मान?

:: Editor - Omprakash Najwani :: 01-Nov-2025
:

पंजाब में बढ़ती अपराध की घटनाओं को लेकर विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला और मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि क्या यही उनका “रंगला पंजाब” है। शुक्रवार को जगरांव में दिनदहाड़े पांच से छह हमलावरों ने कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह (25) की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। जगरांव, लुधियाना से लगभग 45 किलोमीटर दूर है।

नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि इस सप्ताह राज्य में हुई हिंसक घटनाओं ने “आप सरकार के शासन तंत्र की पूर्ण विफलता’’ को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा, “आज पंजाब के लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। सड़कों पर अपराधियों का राज है, जबकि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री बेखबर बने हुए हैं।”

बाजवा ने कबड्डी खिलाड़ी की हत्या के अलावा मानसा में कीटनाशक की दुकान के मालिक पर हमले और तीन सशस्त्र नकाबपोशों द्वारा आभूषण की दुकान में डकैती की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थिति “चिंताजनक स्तर” पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा, “यह है मान का तथाकथित ‘रंगला पंजाब’, जहां गैंगस्टर खुलेआम घूमते हैं और युवा सड़कों पर मर रहे हैं।”

पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भी मान सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “न व्यापारी सुरक्षित हैं, न खिलाड़ी — क्या यही आपका ‘रंगला पंजाब’ है, मान?”

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मोहाली, जालंधर, मानसा, जगरांव — हर दिन एक नया अपराध। हर दिन नया डर। लोग अब घर से बाहर निकलने से डरते हैं। न सुरक्षा है, न कानून का भय; अपराधी ही राज चला रहे हैं।”

अश्वनी शर्मा ने मांग की कि मुख्यमंत्री मान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए, “क्योंकि गृह मंत्री के रूप में वह पंजाब को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रहे हैं।”


विज्ञापन

( Connecting with social media platform )
Facebook | Youtube   | Twitter
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

Latest News


विज्ञापन