कोटा के इटावा में स्कूल वैन और एसयूवी की भीषण टक्कर, दो छात्राओं की मौत, पांच गंभीर घायल
राजस्थान के कोटा के पास इटावा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम छात्राओं की मौत हो गई और पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक निजी स्कूल की वैन और एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) की जोरदार टक्कर हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटना का कारण स्कूल वैन का टायर फटना बताया गया है।
इटावा के पुलिस उपाधीक्षक शिवम जोशी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ, जब एक स्कूल वैन गैता गांव से इटावा स्थित निजी स्कूल जा रही थी। वैन में 10 से 12 छात्र सवार थे। इटावा कस्बे के पास वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह बूंदी की ओर जा रही एक एसयूवी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए।
इस दुर्घटना में 15 वर्षीय तनु धाकड़ और आठ वर्षीय पारुल आर्य की मौके पर ही मौत हो गई। तनु कक्षा 10 की छात्रा थी, जबकि पारुल कक्षा चार में पढ़ती थी। पांच गंभीर रूप से घायल छात्रों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वैन चालक और एसयूवी में सवार एक व्यक्ति को भी चोटें आई हैं और दोनों का इलाज इटावा के एक अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Latest News
