आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एकादशी के अवसर पर शनिवार को हुई भगदड़ में 9 लोगों की मौत हो गई और कई श्रद्धालु घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द ठीक हो जाएं।”
मुख्यमंत्री नायडू ने भी श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। मैंने अधिकारियों को घायलों को शीघ्र और उचित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं तथा स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है।”
राज्यपाल अब्दुल नजीर ने भी वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ में कम से कम 9 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। अचानक मची भगदड़ में कई लोग कुचल गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार के निर्देश दिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
