जोधपुर। राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) और आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने राजस्थान में बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठनों से जुड़े तीन संदिग्ध मौलवियों को हिरासत में लिया है। जोधपुर और जैसलमेर में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज़ भी ज़ब्त किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी संबंधों की गहन जाँच शुरू कर दी है और पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दो संदिग्धों को जोधपुर में और एक को जैसलमेर में पकड़ा गया है। राजस्थान एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी संगठनों से जुड़े संदिग्धों को पकड़ने के लिए जोधपुर संभाग में कई जगहों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई अभी भी जारी है।
एनआईए-एटीएस की संयुक्त टीम ने जोधपुर के चोखा स्थित अरबिया मदरसे से मौलवी अयूब को हिरासत में लिया। इसके अलावा जोधपुर से लगभग 60 किलोमीटर दूर पीपाड़ से भी एक संदिग्ध को पकड़ा गया, जिसकी पहचान उस्मान के रूप में हुई है। दोनों के पास से कई दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए हैं, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
टीमों ने जैसलमेर से भी मौलवी मसूद को आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है। तीनों संदिग्धों के आतंकी संगठनों से संपर्क की जाँच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई के बाद जोधपुर संभाग के कई इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है।
