बहराइच में नाव हादसा, एक महिला की मौत, आठ लोग लापता
बहराइच। जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में सुजौली थाना क्षेत्र के भरथापुर गांव के पास बुधवार शाम यात्रियों से भरी नाव कौड़ियाला नदी में पलट गई। इस हादसे में भगगड़वा गांव की 60 वर्षीय रमजैया नामक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच बच्चों सहित आठ लोग लापता हैं।
पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने बताया कि नाव में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें से 13 को पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त गांव के लोग पड़ोसी लखीमपुर खीरी जिले के खैरटिया बाजार से खरीदारी कर नाव से लौट रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचने पर नाव नदी के किनारे एक लकड़ी से टकराकर असंतुलित होकर पलट गई।
एसपी ने बताया कि इस घटना में रमजैया का शव बरामद किया गया है। वहीं, नाविक मिहिलाल यादव (38), शिवनंदन मौर्य (50), सुमन (28), सोहनी (5), शिवम (9), मृतका रमजैया के दो पौत्र और पंचम की पांच वर्षीय पुत्री सहित आठ लोग अभी लापता हैं।
उन्होंने बताया कि राहत व बचाव कार्य के लिए पुलिस, एसएसबी की टीम मौके पर लगी है। साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गई हैं। मौके पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के भरथापुर गांव में हुई नाव दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस व प्रशासन को तत्काल राहत व बचाव कार्य सुचारू रूप से संचालित करने और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
Latest News
